बीते पांच वर्षों में इस साल मार्च की रातें सबसे अधिक गरम हैं जिससे लोगों की नींद में खलल पड़ने लगा है। वर्ष 2022 में 15 मार्च से अब तक रात का न्यूनतम तापमान सबसे अधिक रिकॉर्ड किया गया है जबकि 2020 में इस अवधि का न्यूनतम तापमान सबसे कम था। इस साल मार्च की शुरुआत से ही बढ़ती गरमी का अहसास दिखाई देने लगा था। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, इसका कारण मजबूत पश्चिमी विक्षोभ नहीं बनने से प्री-मानसून गतिविधियां थमना है।
आईआईटी रुड़की स्थित कृषि मौसम प्रक्षेत्र इकाई की ओर से रिकॉर्ड विगत पांच वर्षों (2018-2022) के मौसम के आंकड़ों का विश्लेषण करने पर पता चलता है कि वर्ष 2020 में मार्च की रातों का तापमान अन्य चार वर्षों की तुलना में सबसे कम था जबकि वर्ष 2018 और 2021 में अपेक्षाकृत अधिक तापमान रिकॉर्ड किया गया है। वर्ष 2022 में 15 मार्च से अब तक रात का न्यूनतम तापमान बीते पांच वर्षों में सबसे अधिक रिकॉर्ड किया गया है। कृषि मौसम केंद्र के तकनीकी अधिकारी डॉ. अरविंद श्रीवास्तव ने बताया कि मौसम विज्ञान की भाषा में मुख्यत: गर्मी बढ़ने के प्रमुख कारणों में मार्च के अंत अथवा अप्रैल के प्रारंभ में राजस्थान के आसपास एंटी साइक्लोन का निर्माण होता है जिससे हवाएं घड़ी की सुई की दिशा में चलने लगती हैं।
इस प्रक्रिया में गर्म हवाएं देश के उत्तरी भाग में प्रवाहित होती हैं। अमूमन मार्च के अंत अथवा अप्रैल में बनने वाला एंटी साइक्लोन इस वर्ष मार्च के दूसरे सप्ताह में ही बन गया। इससे सेंट्रल पाकिस्तान और थार के मरुस्थल से गर्म व शुष्क हवाएं बहने लगीं। इस अवधि में कोई मजबूत पश्चिमी विक्षोभ न बनने के कारण प्री-मानसून गतिविधियां नहीं हुईं। चूंकि, प्री-मानसून एक्टिविटी से जब तापमान में गिरावट होती है तो उसे पुन: बढ़ने में 3-5 दिन का वक्त लग जाता है। इस प्रकार वातावरण में तापमान का संतुलन बना रहता है लेकिन इस बार इस प्रकार की मौसमी गतिविधियां न होने के कारण मार्च के शुरुआत में ही अधिक तापमान का सामना करना पड़ा। अभी जो मौसमी परिस्थितियां दिख रही हैं, उसके अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत के आसार नहीं हैं।
2018 से अब तक का न्यूनतम तापमान
तारीख - 2018 - 2019 - 2020 - 2021 - 2022
15 मार्च - 19.39 - 15.5 - 11.5 - 14.0 - 18.0
16 मार्च - 15.6 - 14.0 - 11.5 - 17.5 - 19.0
17 मार्च - 14.4 - 13.5 - 13.0 - 15.5 - 21.0
18 मार्च - 13.4- 12.0 - 15.0 - 15.5 - 21.5
19 मार्च - 14.4 - 15.1 - 15.5 - 16.0 - 21.0
20 मार्च - 15.3 - 16.0 - 14.8 - 16.5 - 20.0
21 मार्च - 18.2 - 15.5 - 15.0 - 16.0 - 19.5
22 मार्च - 16.7- 15.0 - 14.5 - 14.0 - 19.0