- बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र का मामला, पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
बहादराबाद। क्षेत्र में शराब पिलाने पर हुए विवाद में एक व्यक्ति पर कांच की बोतल से हमला कर दिया गया। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, नीरज धीमान निवासी सोना विहार कॉलोनी, बहादराबाद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 26 जून की रात उनका परिचित अर्जुन धारीवाल उर्फ रीनू कुमार निवासी नसीरपुर कलां, थाना मंगलौर, उनसे मिलने आया था। रात करीब साढ़े आठ से साढ़े नौ बजे के बीच वह शराब पिलाने की जिद करने लगा। इस पर दोनों बहादराबाद बायपास स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान पर पहुंचे।
शराब पीने के दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि नशे में धुत अर्जुन धारीवाल ने गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर हाथापाई करने लगा। इसी दौरान उसने पास में रखी कांच की बोतल उठाकर नीरज धीमान के सिर पर दे मारी जिससे उसका सिर फट गया और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर उसे छुड़ाया। सीओ संजय चौहान ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।