राजस्थान में भारत-पाकिस्तान सीमा पर तैनात सेना के एक जवान की हृदय गति रुकने से मौत हो गई। सैनिक की मौत की खबर गांव पहुंची तो शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोककर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार करीब 12 वर्ष पूर्व बंगाल इंजीनियरिंग में सिकंदरपुर मवाल निवासी अमित चौहान भर्ती हुए थे। इन दिनों वह राजस्थान के गंगानगर जनपद के नसीराबाद क्षेत्र स्थित छावनी में तैनात थे। वह अपनी पत्नी प्रीति चौहान के साथ अपने दो बच्चों यश और शौर्य को लेकर छावनी में ही सरकारी आवास में रह रहे थे। शनिवार रात करीब 12 बजे वह ड्यूटी समाप्त कर अपने आवास पर लौटे तो अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। बताया जा रहा है कि कुछ ही देर में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक रिपोर्ट में चिकित्सकों ने बताया कि हृदय गति रुकने से मौत हुई है। वहीं, परिजन पार्थिव शरीर को लेने के लिए राजस्थान रवाना हो गए हैं। अमित चौहान के पिता विश्वास चौहान किसान हैं। उनकी मौत की सूचना से गांव समेत आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है।