पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर उसका चालान कर दिया है। बृहस्पतिवार को झबरेड़ा थाना क्षेत्र के झबरेड़ी गांव निवासी विकास कुमार का गांव के ही रोहित उर्फ गोपी के साथ लेनदेन के लिए विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में बृहस्पतिवार को हुए झगड़े में विकास के सिर में डंडा लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। चिकित्सकों ने घायल को हायर सेंटर रेफर कर दिया था।
शनिवार को घायल युवक की ऋषिकेश अस्पताल में उपचार दौरान मौत हो गई थी। मामले में पुलिस ने पहले तो दो भाइयों रोहित व मोहित और उनके पिता राजकुमार के खिलाफ जानलेवा हमला करने का मुकदमा दर्ज किया था लेकिन मौत के बाद हत्या की धाराओं में परिवर्तित कर दिया है। थाना अध्यक्ष अजय शाह ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए एक पुलिस टीम का गठन किया था। आरोपी को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने खानपुर थाना क्षेत्र के नियामतपुर गांव से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बेस बॉल का डंडा, खून से सनी जमीन आदि सामान बरामद किया है।