रोडवेज बस अड्डे के बाहर एक रेस्टोरेंट पर सिलेंडर में आग लगने से अफरा तफरी मच गई। इसी बीच जलता सिलेंडर नाली में फेंक दिया गया। विस्फोट के डर से रोडवेज कर्मचारियों और सवारियों में भगदड़ मच गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने मशक्कत कर आग पर काबू पा लिया। गनीमत रही कि किसी को नुकसान नहीं पहुंचा है।
रुड़की रोडवेज बस अड्डे के बाहर दिनेश भाटिया की मिठाई की दुकान है। मंगलवार को दुकान के बाहर गैस चूल्हे पर पकौड़े बनाए जा रहे थे। इसी दौरान गैस पाइप ने आग पकड़ ली। पलक झपकते ही पाइप जल गया और सिलेंडर ने आग पकड़ ली। इससे रेस्टोरेंट के अंदर बैठे ग्राहकों समेत बाहर बसों का इंतजार कर रही सवारियां इधर उधर भागने लगी।
सिलेंडर की आग की खबर पर दूर तक हड़कंप मच गया। सूचना पर रुड़की फायर स्टेशन से फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और सिलेंडर की आग बुझा ली। एफएसओ बीएल डबराल ने बताया कि अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई है।
शहर के अधिकांश होटल व रेस्टोरेंट में आग बुझाने के उपकरण मौजूद नहीं है। नियमों की अनदेखी के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। अग्निशमन विभाग उपकरण लगवाने में कामयाब नहीं हो पा रहा है। जिससे हादसों का खतरा बरकरार है।