रुड़की स्थित गणेशपुर के समीप दिल्ली- देहरादून हाइवे की इस डिवाइडर पर लगेंगी डबल आर्म पोल लाइटें।
- फोटो : ROORKEE
मुख्यमंत्री घोषणा के तहत शहर के बीच से गुजर रहे हाईवे के दोनों छोर को लाइटों से जगमग करने के लिए बृहस्पतिवार को ई टेंडर खोले गए। नियम और शर्तों के अनुसार, टेंडर डालने वाली फर्म टेक्निकल और फाइनेंशियल बिड में पास होने के बाद जल्द ही इस पर काम शुरू कर देगी। नगर निगम अधिकारी ई टेंडर डालने वाली फर्मों की जांच में जुट गई है।
करीब एक साल पहले नगर विधायक प्रदीप बत्रा की पहल पर रुड़की में एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने शहर के बीच से गुजर रहे दिल्ली-देहरादून हाईवे पर डबल आर्म पोल लाइटें लगाने की घोषणा की थी। ये लाइटें हाईवे के बीच में डिवाइडरों पर लगाई जाएंगी। गणेशपुर पुल से रामपुर चुंगी तक करीब दो किमी की दूरी में इन लाइटों के लगने से हाईवे ही नहीं शहर भी जगमग होगा। करीब एक माह पूर्व नगर निगम ने इसके लिए ई टेंडर निकाले थे। बृहस्पतिवार को टेंडर खोलने का दिन था। मुख्य नगर आयुक्त नूपुर वर्मा और सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट ने ई टेंडर की प्रक्रिया शुरू कराई। इस दौरान दो फर्मों के आवेदन मिले। एमएनए नूपुर वर्मा ने बताया कि टेक्निकल बिड में दो फर्मों के आवेदन मिले हैं। इनकी तकनीकी दक्षता और अन्य शर्तों से जुड़े कागजों की जांच शुरू कर दी गई है। कागजों की जांच में पास होने वाली फर्म की फाइनेंशियल बिड खोली जाएगी। इसके बाद टेंडर जारी कर दिए जाएंगे। इस दौरान मेयर गौरव गोयल, वरिष्ठ वित्त अधिकारी नमिता सिंह और जेई नरेश कुमार आदि मौजूद थे।