हाईटेंशन लाइन पर बिजली गिरने से 12 गांवों की बिजली दो दिन से गुल है। 20 हजार लोगों को पानी के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है। हैंडपंप पर पानी भरने के लिए लाइन लगी है। ऊर्जा निगम के अधिकारी और कर्मचारी लाइन का फाल्ट तलाशने में जुटे हैं।
इकबालपुर के पास बेहडेकी गांव में विद्युत सब स्टेशन पर रुड़की से हाईटेंशन की विद्युत लाइन आ रही है। रविवार सुबह तेज बारिश के दौरान इस लाइन पर बिजली गिर गई थी। इससे पूरे विद्युत सब स्टेशन की आपूर्ति ठप हो गई थी। ऊर्जा निगम के अधिकारी व कर्मचारी लाइन के फाल्ट को खोजने में लगे हुए हैं लेकिन ट्रायल करते ही ट्रिपिंग हो रही है।
दो दिन से बिजली न होने से पेयजल की दिक्कत बनी हुई है। वहीं पशुओं को भी पानी पिलाने के लिए दूसरे गांवों में ले जाना पड़ रहा है। क्षेत्र के बेहडेकी, मुलेवाला, देवपुर, इकबालपुर, खाताखेड़ी, पाडली धर्मपुर व माजरा आदि कई गांवों में विद्युत आपूर्ति ठप होने से लगभग 20 हजार की आबादी को आपूर्ति न मिलने से परेशानियां झेलनी पड़ रही है।
सोमवार को दिनभर तेज गर्मी में लोगों का बुरा हाल रहा। धर्मपुर गांव में चौधरी पदम सिंह ने जनरेटर चलवाकर पाडली और धर्मपुर के लोगों को पेयजल उपलब्ध करवाया। मौके पर पेयजल लेने वालों की भीड़ लगी रही। अवर अभियंता जम्मल सिंह ने बताया कि विद्युत आपूर्ति सुचारु करने के प्रयास चल रहे हैं। जल्द ही आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।