चोरों ने एक ही रात में पैथोलॉजी लैब और डीजे सिस्टम की दुकान के ताले तोड़कर लाखों का सामान और हजारों की नकदी चोरी कर ली। लैब संचालक और दुकानदार की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस मामले में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। साथ ही संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।
झीवरहेड़ी गांव निवासी इरफान की सुल्तानपुर कस्बे में पैथोलॉजी लैब है। रोज की तरह वह लैब का ताला लगाकर घर चले गए। बुधवार रात चोरों ने लैब का शटर फाड़कर ब्लड टेस्ट करने वाली मशीन और 50 हजार की नकदी समेत अन्य सामान चोरी कर लिया। वहीं, मोहम्मदपुर कुन्हारी निवासी जुल्फिकार की गांव के पास लक्सर-हरिद्वार रोड पर डीजे सिस्टम की दुकान है। चोरों ने रात में ही दुकान के शटर के ताले तोड़कर डीजे सिस्टम का सामान और एक लैपटॉप चोरी कर लिया।
बृहस्पतिवार सुबह लैब संचालक और दुकानदार पहुंचे तो चोरी का पता चला। दोनों ने सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने चोरी की जानकारी ली। लैब संचालक ने बताया कि करीब पांच लाख की चोरी की गई है जबकि दुकानदार ने बताया कि चोर करीब साढ़े तीन लाख रुपये का सामान ले गए हैं। दोनों पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली प्रभारी यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। दोनों चोरी में संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।