लक्सर कोतवाली में पकड़ा गया चालीस साल से फरार चल रहा आरोपी।
- फोटो : ROORKEE
करीब 32 साल से फरार चल रहे हत्यारोपी को रायसी चौकी पुलिस ने धर दबोचा। आरोपी पुलिस से बचने के लिए बिजनौर क्षेत्र में भिखारी बन कर रह रहा था। हत्या के इसी मामले से जुड़े एक आरोपी को पुलिस ने कुछ दिन पहले दबोचा था, वहीं एक आरोपी की मौत हो चुकी है।
लक्सर कोतवाली क्षेत्र के प्रतापपुर गांव निवासी तीन लोगों ने वर्ष 1981 में सुल्तानपुर के एक ग्रामीण की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने इसके बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज करने के बाद उन्हें जेल भेज दिया था। लेकिन बाद में तीनों आरोपियों को कोर्ट से जमानत मिल गई थी।
इस मामले की सुनवाई तत्कालीन सत्र न्यायालय सहारनपुर में हुई थी। सुनवाई के दौरान एक आरोपी की मृत्यु हो गई थी। जबकि दो आरोपी वेदपाल और श्रवण निवासी प्रतापपुर को 1988 में कोर्ट ने आजीवन कारावास की सजा सुना दी थी, लेकिन आरोपी फरार हो गए थे।
पुलिस उन्हें लगातार तलाश कर रही थी। बाद में कोर्ट ने उन्हें फरार घोषित कर दिया था। सहारनपुर कोर्ट से जारी वारंट के आधार पर 10 दिन पहले रायसी पुलिस ने आरोपी वेदपाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसी बीच पुलिस को जानकारी मिली कि दूसरा आरोपी श्रवण बिजनौर क्षेत्र में भिखारी बन कर रह रहा है। रायसी चौकी प्रभारी बृजपाल सिंह ने बताया कि आरोपी श्रवण को भी सोमवार की रात गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी का मेडिकल कराने के बाद उसे सहारनपुर सत्र न्यायालय में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है।