विकासखंड भगवानपुर की ग्राम पंचायत खेलपुर नसरुल्लापुर की ग्राम प्रधान नीलम देवी को पद से हटा दिया गया है। जिलाधिकारी हरिद्वार ने उत्तराखंड पंचायतीराज अधिनियम के तहत यह कार्रवाई की। यह मामला ग्राम प्रधान चुनाव में फर्जी शैक्षिक प्रमाणपत्र प्रस्तुत करने से जुड़ा है।
ग्राम निवासी अनिल कुमार ने वर्ष 2023 में नीलम देवी के खिलाफ शिकायत दर्ज की थी। शिकायत की जांच जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी गाजीपुर से कराई गई। जांच में प्रस्तुत प्रमाणपत्र सही नहीं पाया गया। जिस पर उपजिलाधिकारी भगवानपुर ने 18 जुलाई 2024 को नीलम देवी को अयोग्य घोषित कर दिया। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी हरिद्वार के समक्ष अपील की, जो 24 सितंबर 2024 को खारिज हो गई। इसके बाद नीलम देवी ने उत्तराखंड हाईकोर्ट में रिट याचिका दाखिल की, जिसे हाईकोर्ट ने भी खारिज कर दिया। हाईकोर्ट के आदेश और जांच रिपोर्टों के आधार पर जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित ने अंतिम आदेश जारी किया। इस आदेश से नीलम देवी को ग्राम प्रधान पद से हटा दिया गया।