कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत मोहल्ला पठानपुरा में चोरों ने दिनदहाड़े एक घर को निशाना बनाया। चोरों ने घर में घुसकर अलमारी का ताला तोड़ा और नकदी सहित सोने-चांदी के आभूषणों को चोरी कर लिया। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
मंगलौर पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, मोहल्ला पठानपुरा निवासी शाहिद ने पुलिस को बताया कि 13 जून की सुबह वह किसी काम से घर से बाहर गए थे। वहीं उनकी पत्नी सुबह लगभग 11 बजे बच्चों को लेकर अपने मायके चली गई थी। घर खाली होने के कारण अज्ञात चोरों ने अलमारी का ताला तोड़ दिया। पीड़ित ने बताया कि जब वे और उनकी पत्नी घर लौटे तो उन्होंने अलमारी का ताला टूटा हुआ पाया।
छानबीन करने पर पता चला कि घर से 46 हजार रुपये की नकदी, सोने का एक लॉकेट, कानों के एक जोड़े कुंडल, चार कंगन, चांदी की एक जोड़ी पायल और चेन चोरी कर ली गई है। पीड़ित ने इस संबंध में कोतवाली मंगलौर में तहरीर देकर चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सामान की बरामदगी की गुहार लगाई है। कोतवाल भगवान सिंह मेहर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।