भारोत्तोलन में रजत पदक प्राप्त करने वाली जानवी अरोड़ा।
- फोटो : ROORKEE
बीटीगंज की जाह्नवी अरोड़ा ने दिल्ली में आयोजित इंडियन पावर लिफ्टिंग फेडरेशन कप चैंपियनशिप 2020 में 320 किग्रा भार उठाकर रजत पदक जीता है। इससे पहले भी वह पावर लिफ्टिंग में एक कांस्य और एक रजत पदक हासिल कर चुकी हैं।
दिल्ली में 13 से 17 मार्च तक आयोजित इंडियन पावर लिफ्टिंग फेडरेशन कप चैंपियनशिप 2020 में जाह्नवी अरोड़ा ने 320 किग्रा भार उठाया। पावर लिफ्टिंग में उनका पावर वेट 63 किग्रा था। इस चैंपियनशिप में देश के 24 राज्यों के 1100 खिलाड़ियों ने भाग लिया था। इस प्रतियोगिता में उन्होंने दूसरा स्थान प्राप्त कर सिल्वर पदक जीता है। इसके अलावा उन्होंने बैंच फ्रेंस और डेड लिफ्टर में भी एक एक रजत पदक हासिल किया है। इससे पहले गत वर्ष उन्होंने पावर लिफ्टिंग में महाराष्ट्र के अकोला जिले में 290 किग्रा भार उठाकर एक सिल्वर और एक कांस्य पदक हासिल किया था। उन्होंने बताया कि पावर लिफ्टिंग की तैयारी उन्होंने रुड़की में द लीन कोर से की। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने अभिभावकों और कोच शिवा चौधरी को दिया है।