रुड़की। पड़ोसी ने एलआईयू की एक महिला कर्मचारी के साथ अभद्रता की। विरोध करने पर पड़ोसी गाली गलौज करने लगा। महिला कर्मचारी ने पड़ोसी के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। तहरीर के आधार पर पुलिस पड़ोसी से पूछताछ कर रही है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित प्रदीप विहार कर्नल एन्क्लेव निवासी बीना गोस्वामी रुड़की एलआईयू में कर्मचारी हैं। बीना के अनुसार, वह अपनी दो बच्चियों के साथ घर पर अकेली रहती हैं। 20 अक्तूबर की रात भी वह घर पर अकेली थीं। रात के समय पड़ोसी के घर पर कुछ रिश्तेदार आए थे। रिश्तेदार और उसके पड़ोसी देर रात को उनके घर के पास खड़े होकर हंगामा कर रहे थे। इस पर उन्होंने ऐतराज जताया। आरोप है कि पड़ोसी और उसके रिश्तेदार ने अभद्रता की। आरोप है कि पड़ोसी ने गंभीर परिणाम भुगतने की भी धमकी दी। मंगलवार को महिला कर्मचारी ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।