गांव के रामनगर मोहल्ले के सैकड़ों ग्रामीणों के वोट लक्सर विधानसभा सीट से हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा में जोड़ने पर ग्रामीण भड़क गए और हंगामा कर दिया। गुस्साए लोगों ने इसकी जानकारी एसडीएम को दी और दूसरी विधानसभा में मतदान नहीं करने की बात कही।
मतदान के दिन सुल्तानपुर के मोहल्ला रामनगर स्थित दर्जनों ग्रामीणों ने मोहल्ले में बीएलओ के खिलाफ हंगामा किया। वार्ड मेंबर राजबीरी हंसी, केशवराम, प्रताप सिंह, ब्रह्मपाल सिंह, मांगेराम, मोतीराम, विमला देवी, अजीत सिंह, बिट्टू, मुकेश कुमार, अशोक कुमार, रहीश अहमद, अनीश अहमद, इरफान, अशरफ आदि ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मोहल्ले की बीएलओ ने सांठ-गांठ कर मोहल्ले के 550 वोट लक्सर विधानसभा से काटकर हरिद्वार ग्रामीण दूसरी विधानसभा में चढ़ा दिए हैं। जबकि इन सभी वोटरों के पहचान पत्र और आधार कार्ड सुल्तानपुर रामनगर मोहल्ले के बने हुए हैं। सूचना पर पहुंचे एसडीएम ने गुस्साए लोगों को शांत किया। इस संबंध में उपजिलाधिकारी लक्सर कौस्तुभ मिश्रा का कहना है सुल्तानपुर के कुछ ग्रामीण की वोट मोहम्मदपुर कुंहारी में जोड़े जाने का मामला संज्ञान में है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर बीएलओ सुदेशना देवी का कहना है मोहल्ले के कुछ घर मौहम्मदपुर कुंहारी गांव में आते हैं। इनके पहले से वोट मौहम्मदपुर कुंहारी में आते हैं।
फर्जी वोट डालने वाला दबोचा
के एक बूथ पर फर्जी वोट डालने के लिए कतार में लगे एक व्यक्ति को दबोच लिया। उसके बाद कांग्रेस प्रत्याशी सुरेश चंद जैन और मेयर यशपाल राणा मौके पर पहुंचे और हंगामा कर दिया। आरोप लगाया कि भाजपा फर्जी वोटिंग करवा रही है। इस संबंध में सेक्टर मजिस्ट्रेट ने बताया आरोपी को वोट नहीं डालने दिया गया।
रामनगर स्थित मूलराज कन्या इंटर मतदान केंद्र के एक बूथ पर शाम करीब तीन बजे एक व्यक्ति को फर्जी वोट डालने की कोशिश करने के आरोप में पकड़ लिया। उसके बाद वहां मौजूद एजेंटों ने उसे फटकार लगाते हुए भगा दिया। चुनाव आयोग के प्रतिनिधियों ने पूरे मामले की वीडियोग्राफी की, लेकिन मामला तब बढ़ गया जब कांग्रेस प्रत्याशी सुरेश चंद जैन और मेयर यशपाल राणा मौके पर पहुंचे और हंगामा कर दिया। आरोप लगाया कि भाजपा फर्जी वोट डलवा रही है और भाजपा एजेंटों ने आरोपी को भगा दिया है। इस पर सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस ने उन्हें समझाया कि किसी को फर्जी वोट नहीं डालने दिया गया। पूरे मामले की वीडियोग्राफी कराई गई है। नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उसके बाद प्रत्याशी सुरेश चंद जैन और मेयर यशपाल राणा चले गए।