शहर से देहात तक लोगों में वोट डालने के लिए उत्साह दिखा। कहीं दुल्हन ने विवाह से पहले मतदान किया तो कहीं बारात ले जाने से पहले दूल्हा मतदान करने पहुंचे।
जैनपुर निवासी तिलक राम की बुधवार को शादी थी। बारात मंगलौर रवाना होने के लिए सज चुकी थी, लेकिन इससे पहले तिलकराम ने मतदान को वरीयता दी। लंढौरा क्षेत्र में भी बुधवार को अशोक नगर निवासी ज्योति बिष्ट की शादी होनी थी। शाम को ज्योति की बारात आनी थी, लेकिन विवाह से पहले उसने परिजनों से वोट डालने की बात कही। हल्दी और मेहंदी लगाए ज्योति बुधवार दोपहर डेढ़ बजे के करीब बूथ पर पहुंची। उसके बाद वह विवाह के लिए प्रस्थान किया। इसके अलावा भी जगह-जगह लोगों ने लोकतंत्र को मजबूत करने में योगदान किया।
घोड़ी से उतर डाल वोट
खानपुर विधानसभा के मुंडाखेड़ा खुर्द निवासी पाल सिंह के पुत्र अंकित कुमार की बुधवार को गोवर्धनपुर में बारात जानी थी। इसके लिए सुबह से गांव में घुड़चढ़ी का कार्यक्रम चल रहा था। घुड़चढ़ी जैसे ही मतदान केंद्र के सामने पहुंची तो अंकित घोड़ी से उतरकर मतदान केंद्र पहुंचे और वोट डाला। अंकित ने सभी से बढ़ चढ़कर वोट करने की अपील की।