हाईवे की सर्विस रोड पर एक तेज रफ्तार टेंपो अनियंत्रित होकर पानी से भरे गड्ढे में पलट गया। टेंपो पलटने से यात्रियों में चीखपुकार मच गई। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद टेंपो को सीधा कर यात्रियों का बाहर निकाला। वहीं, हादसे में करीब छह यात्री घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
शनिवार सुबह एक टेंपो यात्रियों को लेकर सर्विस रोड से भगवानपुर से रुड़की आ रहा था। जैसे ही टेंपो किशनपुर गांव के पास पहुंचा तो अचानक अनियंत्रित होकर सर्विस रोड के किनारे बने गड्ढे में पलट गया। टेंपो पलटते ही यात्रियों में चीखपुकार मच गई। शोर सुनकर ग्रामीण घटनास्थल की तरफ दौड़े। उन्होंने टेंपो को किसी तरह सीधा कर यात्रियों को बाहर निकाला। वहीं, हादसे में करीब छह यात्री घायल हो गए, जिन्हें ग्रामीणों ने एक निजी डॉक्टर के पास उपचार दिलाया। इसके बाद यात्री दूसरे वाहन से गंतव्य की ओर रवाना हो गए। वहीं, ग्रामीणों ने बताया कि गांव के पास सर्विस रोड के किनारे नाला गुजर रहा है। नाले के किनारे ही गड्ढा बना हुआ है। नाले में कचरा भरने से पानी की निकासी नहीं हो रही है। इससे पूरा पानी गड्ढे में भर रहा है। पिछले तीन माह से नाले की सफाई नहीं हुई है। जबकि, एक सप्ताह पूर्व ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने मौके पर पहुंचकर नाले की सफाई के निर्देश दिए थे।
--
सबसे पहले मासूम को निकाला
टेंपो में एक महिला के साथ उसका करीब एक साल का बच्चा भी था। टेंपो पलटते ही ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर सबसे पहले बच्चे को किसी तरह बाहर निकाला। गनीमत रही कि बच्चे को अधिक चोट नहीं आई। इसके बाद ग्रामीणों ने टेंपो में सवार अन्य यात्रियों को बाहर निकाला।