आईआईटी अस्पताल के शौचालय में गंदगी होना चिंताजनक है। आईआईटी के हास्पिटल के शौचालय में गंदगी के चलते भर्ती मरीज छुट्टी लेकर प्राइवेट अस्पतालों की ओर रुख करने लगे है । वहीं अस्पताल प्रशासन गंदगी होने से ही इंकार कर रहा हैं।
आईआईटी अस्पताल में डेंगू और वायरल के कई मरीज भर्ती हैं। यहां के फैमिली वार्ड के शौचालय में गंदगी का बुरा हाल है। मरीज इसका इस्तेमाल करने से कतरा रहे हैं। अमर उजाला को इसकी जानकारी तब हुई जब एक मरीज ने मोबाइल पर फोटो भेजे। इस विषय में जब आईआईटी प्रशासन से जानकारी ली गई तो उन्होंने अस्पताल के शौचालय में गंदगी होने से इंकार कर दिया। इसके बाद अमर उजाला ने मौके पर पहुंचकर परखा तो हकीकत और भी बुरी दिखी । अस्पताल के फैमिली वार्ड के शौचालय में गंदगी का बुरा हाल था। अस्पताल में भर्ती डेंगू की मरीज निर्मला ने बताया कि शौचालय में सफाई को लेकर अधिकारियों एवं सफाई कर्मियों को कई बार कहा गया। लेकिन किसी ने सफाई नहीं कराई। अब गंदगी के चलते वे यहां से प्राइवेट अस्पताल में भर्ती होने की योजना बना रहे हैं।
आईआईटी में डेंगू और वायरल का प्रकोप
ंइस अस्पताल में दर्जन भर से अधिक मरीज इन दिनों इस बुखार से पीड़ित है। अस्पताल के चेयरमैन डा. एनके गोयल ने बताया कि डेंगू के मरीजों की सही संख्या की जानकारी नहीं है। लेकिन बुखार से पीड़ित करीब 20 मरीजों का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
प्रतिक्रिया
आईआईटी अस्पताल के चेयरमैन डा. एनके गोयल का कहना था कि हमारे यहां प्राइवेट से कही ज्यादा अच्छी सफाई है। सफाई पर बहुत ज्यादा ध्यान दिया जाता है। भर्ती मरीजों को शिकायत है तो उसे अस्पताल प्रशासन के संज्ञान में लाना चाहिए और उस पर एक्शन होता। रही बात गंदगी के फोटो मोबाइल पर भेजने की तो यह कहीं की भी फोटो लगाकर भेजी जा सकती है।