बार-बार वोटर सूची एवं पहचान पत्र में गलत नाम आने से गुस्साए लोगों ने बुधवार को रामनगर के मतदान केंद्र में हंगामा किया। साथ ही कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया।
इन दिनों विधानसभा चुनाव के मद्देनजर चुनाव आयोग मतदाता जोड़ो अभियान चलाए हुए हैं। साथ ही लोगों की मतदाता सूचियों में दर्ज गलत नाम ठीक करने का काम भी किया जा रहा है। मंगलवार को रामनगर के मूलराज कन्या इंटर कालेज में मोहल्ले के राजेश दुआ, सुदर्शन चांदना, कृष्णा देवी, रश्मि, कामनी तनेजा, अश्वनी मलिक आदि पहुंचे। आरोप लगाया कि मतदान केंद्र पर बैठी बीएलओ पर आरोप लगाया कि वह कई बार अपने नामों को ठीक कराने के लिए 25-25 रुपये शुल्क दे चुके हैं। लेकिन हर बार पहचान पत्र में गलत नाम आ रहा है। इसको लेकर मतदाताओं ने हंगामा कर दिया। आरोप लगाया कि चुनाव कर्मचारी शुद्धिकरण के काम में लापरवाही बरत रहे हैं। इस दौरान बीएलओ ने मतदाताओं को इस बार हार हाल में अशुद्धियों को दूर करने का आश्वासन दिया, तब जाकर मतदाता शांत हुए।