बिना अनुमति के घर की छत पर बनाए जा रहे होटल को हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) की टीम ने मौके पर पहुंचकर सील कर दिया। विभाग ने ये कार्रवाई आसपास के लोगों की शिकायत और संयुक्त सचिव के निर्देश पर की है। होटल स्वामी के भवन का नक्शा करीब एक साल से एचआरडीए में विचाराधीन था।
सिविल लाइंस क्षेत्र में एक व्यक्ति अपने घर की छत पर होटल का निर्माण कर रहा था। भवन स्वामी ने होटल का नक्शा पास करवाने के लिए एचआरडीए कार्यालय में करीब एक साल पहले दस्तावेज जमा करवा दिए थे, लेकिन कुछ खामियों के चलते नक्शा पास नहीं हो पाया था। इसके बावजूद होटल स्वामी ने बिना अनुमति लिए घर की छत पर होटल बनवाने का काम शुरू कर दिया था। आसपास के लोगों ने मामले की शिकायत एचआरडीए के संयुक्त सचिव एवं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अंशुल सिंह से की थी। उन्होंने एचआरडीए को मामले में कार्रवाई करने के निर्देश दिए। शुक्रवार को एचआरडीए के एई डीएस रावत और तहसीलदार चंद्रशेखर वशिष्ठ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। यहां होटल स्वामी अधिकारियों को कार्य शुरू करने संबंधित कोई दस्तावेज नहीं दिखा पाया। ऐसे में टीम ने मौके पर ही निर्माणाधीन भवन को सीज कर दिया। साथ ही मामले की रिपोर्ट बनाकर मुख्यालय को रिपोर्ट भेज दी है।