नर्सिंगहोम में भर्ती नवजात शिशु के साथ नर्सिंगहोम में अमानवीय हरकत करने और उसके पांव की हड्डी तोड़ने के मामले में आरोपी अस्पताल कर्मचारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे लिखा-पढ़ी के बाद न्यायालय में पेश कर दिया गया है।
गंगनहर कोतवाली अंतर्गत गणेशपुर स्थित ऐरन अस्पताल में भर्ती एक दिन के नवजात के साथ अस्पताल के एक कर्मचारी ने अमानवीय हरकत की थी। यही नहीं उसने नवजात के रोने पर उसके मुंह में कॉटन डाल दी थी। कर्मचारी ने नवजात के पांव की हड्डी तोड़ दी थी। सीसी फुटेज में आरोपी नर्सिंग होम में तैनात कर्मचारी का सारी हरकतें कैद हो गई थीं। इस मामले में पुलिस ने नवजात के पिता वर्णिक निवासी आदर्श नगर (मूल निवासी देवबंद) की ओर से अस्पताल में तैनात कर्मचारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी, लेकिन वह पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पा रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कई स्थानों पर दबिश दी थी। जिससे बुधवार की रात में आरोपी कर्मचारी सरफराज निवासी खंड़जा कुुतुबपुर लक्सर को पुलिस ने मालवीय चौक के पास से गिरफ्तार कर लिया। बताया गया आरोपी यहां हाईवे पर खड़ा होकर फरार होने के लिए किसी वाहन का इंतजार कर रहा था, लेकिन पुलिस ने आरोपी को फरार होने से पहले ही धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया है। पुलिस के अनुसार एक-दो दिन में अस्पताल प्रबंधन पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से कार्रवाई करने के लिए जांच रिपोर्ट एवं सीसी फुटेज सीएमओ को भेज दी जाएगी।