होमगार्ड के पुत्र ने घर में घुसकर एक युवक की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। पुलिस को शिकायत करने पर आरोपी ने युवक के वाहन में टक्कर मार दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
लक्सर कोतवाली के नेतवाला सैदाबाद गांव निवासी अमन कुमार ने तहरीर देकर बताया कि 20 अक्तूबर को रात के करीब 9 बजे वह अपने घर में मौजूद था। तभी गांव का ही आरोपी शिवम नशे की हालत में उनके घर में आया और उसके व उसकी मां के साथ गाली-गलौज करने लगा।
उसने विरोध किया तो आरोपी ने लाठी से उसकी पिटाई कर दी। आसपास के लोगों ने उसे बचाया। इसपर आरोपी अपने होमगार्ड पिता के नाम से धमकाते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी देकर चला गया। इसके बाद जब वह पुलिस को शिकायत कर घर वापस लौटकर आ रहे थे आरोपी ने उनके वाहन में टक्कर मार दी। इससे उसकी पसलियों में चोट आई। युवक ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।