जिलाधिकारी के आदेश पर अतिक्रमण के खिलाफ चल रही है कार्रवाई
लक्सर। राष्ट्रीय राजमार्ग से अतिक्रमण हटाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एनएचएआई के अधिकारियों ने लक्सर क्षेत्र में राजमार्ग के किनारे लगाए गए होर्डिंग्स और फ्लैक्स बोर्ड आदि हटा दिए। इसके अलावा राजमार्ग के किनारे किए गए अतिक्रमण को भी हटवाया गया।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को अपने क्षेत्र में राजमार्गों पर हुए अतिक्रमण को हटाने के आदेश दिए हैं। जिलाधिकारी के आदेश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को हरिद्वार - पुरकाजी राजमार्ग 334ए पर लक्सर क्षेत्र में राजमार्ग के किनारे लगाए गए बड़े यूनीपोल, होर्डिंग्स, फ्लैक्स आदि को हटाया गया। इसके अलावा राजमार्ग के किनारे अतिक्रमण कर लगाए गए खोखे, फड़, रेहड़ी आदि को भी हटाया गया। एनएचएआई के अधिशासी अभियंता सुरेश तोमर ने बताया कि राजमार्ग पर यातायात व्यवस्था में व्यवधान न होने देने और सुरक्षा की दृष्टि से अतिक्रमण हटाया जा रहा है। सिंहद्वार से लेकर लक्सर होते हुए पुरकाजी की ओर अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है।