लक्सर रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म नंबर 3 से रवाना होती जम्मू तवी से हावड़ा जाने वाली नॉन स्टॉप हिम?
- फोटो : ROORKEE
कर्ज माफी को लेकर पंजाब में किसानों के रेलवे लाइन का चक्का जाम करने से कई ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है जबकि कुछ ट्रेनों को रास्ते में ही रोककर भेजा जा रहा है। इससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार को हिमगिरी सुपरफास्ट एक्सप्रेस लक्सर से रवाना हुई। वहीं, ट्रेनों के रद्द होने से रेलवे को करीब 20 हजार रुपये का रिफंड करना पड़ा है।
पंजाब में 20 दिसंबर से किसानों ने अपनी मांगों को लेकर रेल का चक्का जाम कर रखा है। ऐसे में पंजाब जाने वाली सभी ट्रेनें रद्द चल रही हैं। इसके चलते यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हावड़ा से जम्मूतवी जाने वाली नॉन स्टॉप हिमगिरी सुपरफास्ट एक्सप्रेस को बृहस्पतिवार को रुड़की रेलवे स्टेशन पर रोका गया। शुक्रवार सुबह आठ बजे लक्सर रेलवे स्टेशन से इसे हावड़ा रवाना किया गया। कई यात्रियों ने प्राइवेट वाहनों से आकर लक्सर से ट्रेन पकड़ा। वहीं, अमृतसर से देहरादून जाने वाली देहरादून एक्सप्रेस ट्रेन अप और डाउन दोनों रद्द रही। गुवाहाटी से अमृतसर जाने वाली गुवाहाटी एक्सप्रेस को रुड़की रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार सुबह रद्द किया गया। शनिवार सुबह यह ट्रेन आठ बजे लक्सर से गुवाहाटी रवाना होगी। वाणिज्य निरीक्षक अजय तोमर ने बताया कि कई ट्रेनें प्रभावित हैं।