भगवानपुर क्षेत्र के किशनपुर गांव में हो रहा अवैध निर्माण।
- फोटो : ROORKEE
हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) कार्रवाई के नाम पर महज नोटिस नोटिस खेल रहा है, जबकि अवैध निर्माण करने वाले विभागीय आदेशों का मखौल उड़ा रहे हैं। हाल ही में नोटिस जारी करने के बावजूद हाईवे किनारे बेशकीमती जमीन पर लिंटर डाल दिया गया है, लेकिन एचआरडीए को इसकी खबर तक नहीं है। अब आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।
एचआरडीए के अंतर्गत आने वाले शहर सहित देहात क्षेत्रों में अवैध निर्माण जारों पर है। बिना नक्शे के निर्माण रोकने की जिम्मेदारी एचआरडीए पर है, लेकिन वर्षों से कार्रवाई के नाम पर महज नोटिस भेजा जाता है। बोट क्लब के पास एचआरडीए ने दो बार सील तक लगा दी, लेकिन फिर भी बहुमंजिला भवन बनकर तैयार हो गया। इसके बाद खुद एचआरडीए सचिव हरबीर सिंह ने इस पर सील लगाई है। सूत्रों के अनुसार, अवैध निर्माण पूरा होने के बाद कंपाउंडिंग के बहाने इनको वैध कर दिया जाता है। सिविल लाइंस में नजूल भूमि पर बने ऐसे कई बहुमंजिला भवन इसका उदाहरण हैं। अब लोगों को विभागीय नोटिस पर ऐतबार ही नहीं रहा। ताजा उदाहरण दिल्ली-देहरादून हाईवे पर किशनपुर के पास अवैध निर्माण का है। यहां करीब 15 दिन पूर्व बेशकीमती भूमि पर बिना नक्शा पास कराए निर्माण की शिकायत लेकर ग्रामीण एचआरडीए दफ्तर पहुंचे थे। सचिव हरबीर सिंह ने निर्माण कार्य रुकवाते हुए नोटिस जारी किया था, लेकिन निर्माण कार्य जारी रहा। अब इस पूरी इमारत पर लिंटर डाल दिया गया है। ऐसे में एचआरडीए विभाग की कार्यशैली पर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं।
--
अवैध निर्माण पर नोटिस जारी कर दिया गया था। इसके बाद भी निर्माण कार्य किया जा रहा है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। नोटिस के पहले चरण के बाद नियमानुसार ध्वस्तीकरण किया जाएगा।
-हरबीर सिंह, सचिव एचआरडीए
-
अवैध निर्माणों के खिलाफ तेज चलेगी मुहिम
रुड़की। एचआरडीएम के उपाध्यक्ष दीपक रावत का कहना है कि अवैध निर्माण को रोकने के लिए मुहिम और तेज की जाएगी। उन्होंने शहरवासियों से अपील की है कि अगर उनके आसपास कोई अनाधिकृत निर्माण चल रहा हो तो उसकी सूचना अधिकारियों को दे सकते हैं। अगर किसी ने आवासीय या व्यवसायिक निर्माण के लिए नक्शा पास कराने के लिए आवेदन किया है और तय सीमा के अंदर वह पास नहीं हो रहा तो संबंधित अधिकारी की शिकायत भी की जा सकती है। इसके लिए उन्होंने व्हाट्सएप नंबर 9997655555 नंबर जारी किया है।