एआरटीओ प्रर्वतन कृष्ण चंद्र पलड़िया के नेतृत्व में इंटरसेप्टर प्रभारी हरीश रावत और उनकी टीम ने क्षेत्र में अभियान चलाकर बिना पंजीकरण जुगाड़ वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। टीम ने चालकों को जमकर फटकार लगाई और निर्माण सामग्री से जुड़े व्यापारियों को भी चेताया कि यदि उन्होंने माल ढुलाई के लिए जुगाड़ वाहनों का प्रयोग किया तो सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान टीम ने ऐसे वाहनों को चिह्नित किया जिनका पंजीकरण नहीं था और जिन पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी। कार्रवाई के तहत लक्सर क्षेत्र में 15 जुगाड़ वाहनों को कटवाया गया। विभाग की कार्रवाई से जुगाड़ वाहन संचालकों में खलबली मच गई। एआरटीओ प्रर्वतन कृष्ण चंद्र पलड़िया ने बताया कि बिना पंजीकरण और नंबर प्लेट के संचालित होने वाले जुगाड़ वाहनों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।
ऐसे वाहनों का उपयोग माल और सामग्री के परिवहन में किया जाना नियमों के विरुद्ध है। अभियान के दौरान क्षेत्र के सीमेंट और सरिया व्यापारियों को भी चेतावनी दी गई। अधिकारियों ने व्यापारियों से कहा कि वह माल और सामग्री के परिवहन के लिए बिना पंजीकरण वाहनों का इस्तेमाल न कराएं। यदि किसी व्यापारी द्वारा ऐसे वाहन से माल का परिवहन कराया गया जिस पर पंजीकरण नहीं है या नंबर प्लेट नहीं लगी है तो संबंधित व्यापारी के खिलाफ भी नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने व्यापारियों और वाहन संचालकों से परिवहन नियमों का पालन करने की अपील की है।