भगवानपुर। हसनपुर मदनपुर गांव में ग्राम समाज की जमीन पर खड़े 16 खैर के पेड़ काट लिए गए हैं। एक माह के भीतर लाखों रुपये के पेड़ काट कर चोरी किए जाने के मामले में पुलिस न आरोपियों को ढूंढ पाई है और न मुकदमा दर्ज किया है। ग्राम प्रधान ने फिर तहरीर दी है।
पिछले दिनों हसनपुर मदनपुर गांव में 27 खैर के पेड़ चोरी हो गए थे। अब रविवार रातोंरात फिर 16 पेड़ चोरी कर लिए गए। सुबह ग्रामीणों ने इसकी सूचना प्रधान मदनपाल को दी। प्रधान ने पुलिस को तहरीर दी। तहरीर पर हस्ताक्षर कर उप प्रधान बबली, ग्राम पंचायत सदस्य वीरेंद्र सैनी, मृदुल और हुकुम सिंह आदि ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। एसडीएम मनीष कुमार का कहना है कि ग्राम समाज की भूमि से लाखों के पेड़ चोरी होने का मामला जानकारी में नहीं था। इस मामले में जांच कर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।