लक्सर। सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की शिकायतों पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सरकारी जमीनों पर हुए अतिक्रमण को चिन्ह्ति कर एक माह के भीतर जमीनों को अतिक्रमण मुक्त करने के आदेश राजस्व और पंचायती राज विभाग के अधिकारियों को दिए। उन्होंने अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के भी निर्देश दिए हैं।जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मंगलवार को लक्सर में तहसील दिवस में जनता की शिकायत और समस्याएं सुनीं। सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण की शिकायतों पर उन्होंने स्पेशल टीम गठित कर तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए। एक शिकायत पर उन्होंने बिजली कटौती करने से पहले सूचना जारी करने के निर्देश दिए। तहसील में दिव्यांगों के लिए व्हील चेयर की व्यवस्था नहीं होने की समस्या पर उन्होंने सभी महत्वपूर्ण कार्यालयों में व्हील चेयर की व्यवस्था किए जाने के निर्देश जिला समाज कल्याण अधिकारी को दिए।
विनोद कुमार के भूमि घोटाले से संबंधित शिकायत की जांच के आदेश दिए। जबकि गुरसाब सिंह की भूमि अतिक्रमण से संबंधित शिकायत की फाइल जिला कार्यालय में प्रस्तुत करने को कहा। तहसील दिवस में राजस्व विभाग, चकबंदी, अतिक्रमण, जलभराव, अवैध कब्जों और निकासी नालों की सफाई से संबंधित शिकायतें अधिक रहीं। कुल दर्ज 60 शिकायतों में से अधिकांश का मौके पर निस्तारण किया गया। अन्य शिकायतों का संबंधित विभागों के अधिकारियों को एक सप्ताह में निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान एसडीएम सौरभ असवाल, एसपी देहात शेखर सुयाल, सीएमओ आर के सिंह, सीईओ के के गुप्ता, सीएओ गोपाल सिंह भंडारी, डीएसओ तेजबल सिंह, सीओ नताशा सिंह, तहसीलदार प्रताप सिंह चौहान सहित विभागों के अधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे।
तहसील दिवस पर मिली शिकायतें
ग्रामीण राजपाल ने केहड़ा मार्ग से अतिक्रमण हटाने, ब्रहमपाल और श्याम सिंह ने तालाबो से अवैध कब्जा हटाने, चांदपाल ने अवैध शराब की बिक्री बंद कराने, राजकुमार ने सूखे पेड़ों को हटाए जाने, ईश्वरपाल ने नाले की सफाई कराने, सतेंद्र कुमार ने सीएसआर फंड की जांच कराने, मुनीराम ने विवाह पंजीकरण कुर्बान अली ने कब्रिस्तान की भूमि को कब्जा मुक्त कराने के संबंध में प्रार्थनापत्र दिए।
आबादी के बीच बने गोदाम पैदा कर रहे खतरा, केमिकलयुक्त पानी खराब हो रही फसलें
भगवानपुर में तहसील दिवस में 21 शिकायतें दर्ज, सात का मौके पर समाधान
संवाद न्यूज एजेंसी
भगवानपुर। तहसील दिवस में लोगों ने घनी आबादी में कबाड़ी के गोदाम से खतरा पैदा होने और फैक्टरियों से निकलने वाले केमिकलयुक्त पानी से फसलों के बर्बाद होने की प्रमुख समस्या उठाई। एसडीएम ने प्रमुखता से जांच कर कार्रवाई की बात कही। इस दौरान आई 21 में सात शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।
भगवानपुर ब्लाॅक सभागार में तहसील दिवस में एसडीएम देवेंद्र नेगी ने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना। इसमें खेड़ी शिखोहपुर, शाहपुर, चुडियाला, सिकरोढा, मानकमजरा समेत कई गांव के लोग समस्या लेकर पहुंचे। ग्रामीण राकेश भगत, बाबूराम, प्रेमसिंह, विपिन कुमार, अनूप सिंह सहित अन्य ग्रामीण पानी की निकासी कराने, जमीन की पैमाइश कराने, सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने, आबादी के बीच बनाए गए कबाड़ी के गोदामों को हटाने और केमिकल युक्त पानी बाहर निकालने वाली फैक्टरियों के खिलाफ कार्रवाई करने की शिकायत की। एसडीएम देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि 21 समस्याओं में सात का समाधान कराया गया। केमिकल युक्त पानी खुले में डालने वाली फैक्टरियों की जांच कर व घनी आबादी में बनाए गए कबाड़ी के गोदामों को हटाने के मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर तहसीलदार दयाराम, नायब तहसीलदार अनील गुप्ता, सचिन कुमार, राजकुमार, राजन कुमार आदि मौजूद रहे।