चोरों ने इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान के ताले तोड़कर लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चोरी का केस दर्ज कर लिया है। साथ ही दुकान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।
मंगलौर कस्बे के मोहल्ला पीरगढ़ी निवासी अफजल ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि मुख्य बाजार में उनकी इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान है। 13 फरवरी की रात वह रोजाना की तरह दुकान बंद करके घर चले गए थे। रात में किसी समय चोरों ने दुकान के ताले तोड़कर सामान चोरी कर लिया। अगले दिन वह दुकान पर आए तो ताले टूटे देखे। उन्होंने दुकान के अंदर जाकर देखा तो सामान इधर-उधर बिखरा हुआ था।
उन्होंने बताया कि चोर दुकान से तार के बंडल और लाइटें चोरी करके ले गए हैं जिसकी कीमत लाखों रुपये है। पीड़ित ने चोरी का खुलासा करने की मांग की है। कोतवाली प्रभारी शांति कुमार गंगवार ने बताया कि तहरीर के आधार पर चोरी का केस दर्ज कर लिया गया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से चोरों की तलाश की जा रही है।