फैक्ट्री के एचआर मैनेजर के घर से चोरों ने लाखों के जेवर व नगदी पर हाथ साफ कर दिया। मैनेजर अपने बीमार रिश्तेदार का हाल जानने देहरादून गए थे। शनिवार को लौटे तो घर के सारे ताले टूटे मिले। चोर नगदी, जेवर, सिलेंडर, एलईडी जैसे घरेलू सामान पर हाथ साफ करने के साथ ही घर में रखी मिठाई भी खा गए। पुलिस ने चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
सिडकुल की एक फैक्ट्री में एचआर मैनेजर रॉबिन सिंह दादूपुर सलेमपुर की शिवगंगा विहार कालोनी में रहते हैं। उनका एक रिश्तेदार देहरादून के एक अस्पताल में भर्ती है। गुरुवार को रॉबिन सिंह बीमार रिश्तेदार को देखने देहरादून गए थे। शनिवार की दोपहर लौटे तो घर के मेन गेट का ताला टूटा देखा। भीतर दोनों कमरों और अलमारियों के ताले भी टूटे मिले। अलमारी में रखे जेवर और 11 हजार की नगदी, एलईडी, दो सिलेंडर आदि सामान भी गायब मिला।
सूचना पर रानीपुर कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस का मानना है कि चोरों ने शुक्रवार की रात घटना को अंजाम दिया है। कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।