दंपति ने न तो युवक की शादी कराई और न ही उसके रुपये और सामान वापस किया। पीड़ित युवक ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
कानूनगोयान निवासी हर्ष कुमार ने बताया कि वह मजदूरी करता है।
पिछले साल संजीव नाम के एक व्यक्ति और उसकी पत्नी के संपर्क में आया था। उन्होंने उसे कहा था कि वह उसकी शादी करा देंगे। इसके बदले उन्होंने उससे 60 हजार रुपये की नकदी, दो गैस सिलेंडर और बर्तन आदि लिए थे, लेकिन काफी समय तक उन्होंने उसकी शादी नहीं कराई। इस पर उसने बीटी गंज पुलिस चौकी में मामले की शिकायत की थी। पुलिस ने दंपति को बुलवाकर रुपये और सामान वापस करने को कहा था।
दंपति ने जल्द ही रुपये और सामान वापस करने का आश्वासन दिया, लेकिन एक साल बीतने के बावजूद न तो रुपये लौटाए और न ही सामान। युवक ने गंगनहर कोतवाली में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।