शहर के एक होटल के बाहर देर रात एक छात्रा बेहोशी की हालत में मिली । छात्रा को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नायब तहसीलदार ने अस्पताल पहुंचकर छात्रा के बयान दर्ज किए हैं। मामले को लेकर पुलिस में हड़कंप की स्थिति है। छात्रा के परिजनों की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। हालांकि पुलिस अपने स्तर से मामले की पड़ताल कर रही है। उन तीन युवकों की भी तलाश कर रही है जो छात्रा को होटल लेकर गए थे।
बुधवार देर रात हरिद्वार रोड स्थित एक होटल के बाहर एक छात्रा के बेहोश पड़े होने की जानकारी पुलिस को मिली थी। सूचना पर छात्रा के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। छात्रा की गंभीर हालत को देखते हुए उसे शहर के एक नर्सिंगहोम में भर्ती कराया गया है। छात्रा कोतवाली रुड़की क्षेत्र की ही रहने वाली है। देर रात जब छात्रा को होश आया तो नायब तहसीलदार पीतम सिंह छात्रा के बयान लेने के लिए नर्सिंगहोम पहुंचे। छात्रा ने बयानों में बताया कि शाम चार बजे के करीब वह ट्यूशन से आ रही थी। उसी दौरान मलकपुर चुंगी के समीप उसे उसी की क्लास के तीन छात्र मिले थे। क्लास के छात्र होने की वजह वह उनके साथ एक होटल में चली गई थी। इसके बाद उसे कुछ याद नहंी है। पुलिस ने बताया कि छात्रा के परिजनों की ओर से मामले में किसी भी प्रकार की कोई शिकायत नहीं दी गई है। न ही छात्रा ने कुछ बताया है। हालांकि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अपने स्तर से पड़ताल कर रही है। पुलिस उन छात्रों की भी तलाश कर रही है जो छात्रा को अपने साथ होटल लेकर गए थे। छात्रा ने ऐसा क्या खाया या पिया जिससे वह बेहोश हो गई। छात्रा को छोड़कर तीनों छात्र कहां गए। इसकी भी जांच की जा रही है। साथ ही उस होटल में भी पूछताछ की जाएगी। जिसके बाहर छात्रा बेहोशी की हालत में मिली थी।