एक कॉलेज में दैनिक आधार पर कार्यरत एक युवती से साथ ही में काम करने वाले एक युवक ने छेड़छाड़ कर दी। सूचना मिलते ही भीम आर्मी के कार्यकर्ता कॉलेज में जा पहुंचे और आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा कर दिया। कॉलेज संचालक ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन भीम आर्मी कार्यकर्ता कार्रवाई की जिद पर अड़े रहे। इसके बाद युवती ने भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं के साथ कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस तहरीर के आधार पर केस दर्ज करने की तैयारी कर रही है।
मंगलौर कोतवाली क्षेत्र स्थित देवबंद मार्ग पर एक आईटीआई कॉलेज है। इसमें कई दैनिक कर्मचारी कार्यरत हैं। सोमवार की शाम एक युवती भी कॉलेज के अंदर काम कर रही थी। आरोप है कि इस दौरान साथ काम कर रहे एक युवक ने युवती से छेड़छाड़ कर दी। विरोध करने के बाद भी युवक अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। इस पर युवती ने युवक को थप्पड़ जड़ दिया।
मामले की जानकारी मंगलवार को भीम आर्मी कार्यकर्ताओं को लगी तो वह एकत्रित होकर कॉलेज पहुंचे। यहां भीम आर्मी ने आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा कर दिया। कॉलेज संचालक ने हंगामा करने वालों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन भीम आर्मी के कार्यकर्ता नहीं माने। इसके बाद कार्यकर्ताओें के साथ युवती कोतवाली पहुंची और मामले की जानकारी पुलिस को दी। कोतवाली प्रभारी प्रदीप चौहान के मुताबिक तहरीर के आधार पर मामले में कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। युवक और युवती देवबंद के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि मामले में साथ काम करने वाले अन्य कर्मचारियों से भी मामले का पता लगाया जाएगा। इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।