रुड़की में पहली बार पाइपलाइन के जरिये गैस संचालन योजना शुरू हो गई। इसके तहत सबसे पहले सोलानीपुरमप वार्ड के लोगाें के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया के तहत 100 लोगाें ने आवेदन भी कर दिया है। बताया जा रहा है कि अब अन्य वार्डों में भी लोगों को यह सुविधा मिल सकेगी।
योजना के तहत इच्छुक उपभोक्ता एक मुश्त राशि देकर कनेक्शन ले सकेंगे। इसके साथ ही आसान किश्तों में कनेक्शन लेने की सुविधा दी जा रही है। पीएनजी के कनेक्शन लेने के बाद उपभोक्ताओं को एलपीजी की लाइन में लगने से छुटकारा मिलेगा। साथ ही लोगों को घर में अचानक गैस खत्म होने की चिंता भी नहीं होगी।
पीएनजी कनेक्शन के लिए लोगों की सुविधा के हिसाब से भुगतान के तीन विकल्प दिए गए हैं जिससे उपभोक्ता 7354 रुपये का एक मुश्त भुगतान कर कनेक्शन ले सकेंगे। इसमें से 7000 रुपये सिक्योरिटी के मद में शामिल हैं। दूसरे विकल्प के रूप में 280 रुपये प्रतिमाह जो 25 महीने तक देने होंगे जबकि तीसरे विकल्प में उपभोक्ता 50 रुपये प्रतिमाह की आसान किश्त में भुगतान कर सकेंगे जो 15 साल तक जमा करनी होगी। इसके अलावा प्रति माह खर्च होने वाली गैस को 58 रुपये प्रतिकिलो के हिसाब से भुगतान करना होगा। खर्च की गई गैस के आकलन के लिए हर घर के बाहर मीटर लगाया जाएगा। पार्षद प्रतिनिधि रमेश जोशी ने बताया कि पहले दिन 100 लोगाें ने कनेक्शन लिया है।