नवरात्र और दीपावली के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई की है। लक्सर क्षेत्र के सधीपुर गढ़ी में विभाग की टीम ने एक पनीर निर्माण इकाई पर छापा मारकर करीब 10 कुंतल मिलावटी सामग्री नष्ट कराई। फैक्टरी को सील करने के साथ उसका खाद्य लाइसेंस भी निलंबित कर दिया गया है।
खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पांडे ने अधिकारियों को नकली और मिलावटी खाद्य पदार्थों की सप्लाई चेन तोड़ने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने इस कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और कार्रवाई की रिपोर्ट जल्द प्रस्तुत करने को कहा है।
पामोलिन ऑयल के दो नमूने जांच के लिए भेजे
विभाग के अनुसार, 13 अक्तूबर की मध्य रात्रि से 14 अक्तूबर की सुबह तक चली कार्रवाई में टीम को फैक्टरी में बड़ी मात्रा में मिलावटी पनीर और उसे बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री मिली। मौके से तीन कुंतल तैयार पनीर, छह कुंतल अर्धनिर्मित पनीर और 90 किलोग्राम रिफाइंड पामोलिन ऑयल बरामद किया गया। इसके अलावा पामोलिन ऑयल के खाली और भरे टीन तथा स्किम्ड मिल्क पाउडर के खाली बोरे भी मिले।
ये भी पढे़ं...उत्तराखंड: यूट्यूबर अनुराग डोभाल की मुश्किलें फिर बढ़ीं, मारपीट, धमकी और निजी डेटा चोरी पर एक और मुकदमा दर्ज
खाद्य सुरक्षा विभाग के मुताबिक, इस इकाई में पामोलिन ऑयल और स्किम्ड मिल्क पाउडर का इस्तेमाल कर एनालॉग पनीर बनाया जा रहा था। विभाग ने मौके पर गड्ढा खुदवाकर करीब 10 कुंतल सामग्री नष्ट करा दी। फैक्ट्री मालिक ताजिम, निवासी सधीपुर गढ़ी, के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई शुरू की गई है। छापा मारने के दौरान खुले पनीर और पामोलिन ऑयल के दो नमूने जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजे गए हैं।