महिला को आंध्र प्रदेश में जमीन दिलाने का झांसा देकर व्यापारी नेता समेत पांच ने लोगों ने लाखों की धोखाधड़ी कर ली। महिला की तहरीर पर पुलिस ने पांचों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गंगनहर कोतवाली पुलिस को यूपी के जिला देवरिया के पोस्ट कोठिलवा के गांव धरहनिया हाल निवासी आकाशदीप एन्क्लेव, रुड़की अभय कुमार पांडे ने तहरीर देकर बताया कि उनकी पत्नी कुसुम पांडे ने वर्ष 2018 में कृषि भूमि खरीदने की योजना बनाई थी।
इस दौरान पत्नी की मुलाकात पुनीत नंदा निवासी सेक्टर-आठ चंडीगढ़ से हुई थी। पुनीत ने बताया था कि वह कृषि भूमि बेचने और खरीदने के अलावा बागवानी विकसित कराने का काम करता है। बताया था कि आंध्र प्रदेश के जिला आनंदपुर नया श्री सत्यनारायण तहसील पैनुकोंडा और उसके आसपास करीब 18 एकड़ जमीन दिलवा सकता है।
साथ ही बताया कि वह मैसर्स कलर्स बिल्ड ट्रैक प्राइवेट लिमिटेड का डायरेक्टर भी है। इसके बाद उसने अपने चार अन्य साथियों से भी मुलाकात कराई थी। उनके झांसे में आकर पत्नी जमीन खरीदने के लिए तैयार हो गई थी।
इसके बाद पत्नी ने विभिन्न ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और अन्य माध्यमों से करीब 96.10 लाख रुपये पांचों को दिए थे। पत्नी ने उन्हें जानकारी दी तो उन्होंने अपने माध्यम से जमीन की जांच कराई। जांच में पता चला कि वह पट्टे की जमीन है। इस पर उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो उक्त लोगों ने देने से इन्कार कर दिया।
कोतवाली प्रभारी गोविंद कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुनीत नंदा निवासी सेक्टर आठ, चंडीगढ़ के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।