मुरादाबाद और मंगलौर समेत अन्य स्थानों के रहने वाले थे बच्चे
नौचंदी जुमेरात पर दरगाह परिसर में उमड़ी जायरीनों की भारी भीड़ के बीच पांच मासूम बच्चे अपने परिवारों से बिछड़ गए। सूचना मिलने पर चाइल्ड हेल्प डेस्क की टीम ने तत्परता दिखाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद सभी बच्चों को सकुशल तलाश कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
चाइल्ड हेल्प डेस्क के सुपरवाइजर मोहम्मद अजीम ने बताया कि नौचंदी जुमेरात पर मुरादाबाद, मंगलौर समेत अन्य स्थानों से आए पांच बच्चे भीड़ के बीच अपने परिवारों से अलग हो गए थे। परेशान परिजनों ने कलियर थाने के पास स्थापित चाइल्ड हेल्प डेस्क पर पहुंचकर इसकी जानकारी दी। इसके बाद टीम ने परिजनों को साथ लेकर बच्चों की तलाश शुरू की।
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों की मदद से खोजबीन की गई। इस दौरान दो बच्चे किराये पर लिए गए कमरे में मिले जबकि तीन अन्य बच्चों को आसपास के क्षेत्रों से सकुशल ढूंढ लिया गया। बच्चों के मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और चाइल्ड हेल्प डेस्क की टीम का आभार जताया।
सुपरवाइजर मोहम्मद अजीम ने जायरीनों से अपील की कि दरगाह में बच्चों का विशेष ध्यान रखें और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर उन्हें अकेला न छोड़ें। बच्चा बिछड़ने पर तुरंत पुलिस या चाइल्ड हेल्प डेस्क को सूचना दें।