रुड़की। पुलिस ने अंतरजनपदीय बाइक चोर गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी की एक स्कूटी और तीन बाइक बरामद की है। पुलिस ने पांचों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
सिविल लाइंस कोतवाली में शनिवार को सीओ विवेक कुमार ने बाइक चोरी का खुलासा करते हुए बताया कि 30 सितंबर को बाइक मिस्त्री मुर्सलीन निवासी गांव रणसुरा, लक्सर ने तहरीर देकर बताया था कि उनकी रुड़की के सोत मोहल्ले में दुकान है। 27 सितंबर को एक ग्राहक अपनी स्कूटी की रिपेयरिंग कराने आया था, जिसे किसी ने चोरी कर लिया था। पुलिस ने चोरी का केस दर्ज कर स्कूटी की तलाश शुरू कर दी थी। एसएसपी डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने कोतवाली प्रभारी अमरचंद शर्मा और सोत बी चौकी प्रभारी नरेश गंगवार को चोरों को पकड़ने के निर्देश दिए थे।
पुलिस लगातार चोरों की तलाश कर रही थी। शुक्रवार शाम कांवड़ पटरी पठानपुरा के पास एसआई नरेश गंगवार पुलिस टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। इस बीच सूचना मिली कि सोलानी नदी के पास आम के बाग में चोरी की बाइकों की खरीद-फरोख्त चल रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी कर पांच लोगों को पकड़ लिया। उनके पास से चोरी की स्कूटी और तीन बाइक बरामद हुई। सीओ ने बताया कि स्कूटी और बाइक चोरी में फैसल, सुलेमान निवासी माधोपुर, रुड़की, राजा सैनी और पंकज सैनी निवासी शेरपुर, रुड़की और हसन अली निवासी पिरान कलियर को गिरफ्तार किया है। पांचों ने अलग-अलग जगहों से स्कूटी और बाइक चोरी की थी। सीओ ने बताया कि पांचों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
--
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
प्रशिक्षु सीओ अंकित कंडारी, कोतवाली प्रभारी अमरचंद शर्मा, सोत बी चौकी इंचार्ज नरेश गंगवार, सिपाही रामबीर, राजे सिंह, भीमदत्त शर्मा, पूरण दानू, अनिल शर्मा।
--
चौकी इंचार्ज की मेहनत लाई रंग
बाइक चोर गिरोह को पकड़ने के लिए सोत बी चौकी इंचार्ज नरेश गंगवार लगातार क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रहे थे। साथ ही चेकिंग कर संदिग्धों से पूछताछ कर रहे थे। इसके अलावा मुखबिरों को अलर्ट कर चोरों की तलाश में जुटे थे। आखिरकार उनकी मेहनत रंग लाई और बाइक चोर गिरोह के पांच आरोपी पकड़े गए। इस काम में चौकी इंचार्ज के साथ सिपाही रामबीर सिंह की भी अहम भूमिका रही।