रुड़की देहरादून हाइवे स्थित एक लकड़ी की दुकान व गोदाम में लगी आग।
- फोटो : ROORKEE
फर्नीचर की दुकान और गोदाम में भीषण आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास किया। करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने आग पर काबू पाया। वहीं, भीषण आग से गोदाम की छत भी नीचे गिर गई।
रुड़की के साल्हापुर सालियार गांव निवासी काफील का देहरादून हाईवे पर इब्राहिमपुर गांव के पास केएन स्टार के नाम से फर्नीचर की दुकान एवं लकड़ी का गोदाम है। सोमवार रात करीब दो बजे आसपास के लोगों ने दुकान व गोदाम में धमाके के साथ आग लगती देखी और सूचना दुकान मालिक व फायर ब्रिगेड रुड़की को दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। फायर ब्रिगेड की टीम ने आग को बुझाने का प्रयास किया लेकिन आग भड़कती रही। वहीं, घटनास्थल के आसपास पानी की व्यवस्था न होने पर टीम को परेशानी का सामना करना पड़ा। टीम को रुड़की के रामनगर स्थित राजकीय मुद्रणालय में लगे फायर हाईड्रेंट से पानी लाना पड़ा जिससे आग पर काबू पाने में करीब पांच घंटे का समय लग गया। इस बीच गोदाम की छत गिर गई। आसपास के लोगों ने बताया कि तेज धमाका हुआ था जिसके बाद आग भड़की थी। वहीं, गोदाम मालिक ने बताया कि आग से लाखों का नुकसान हो गया है। फायर स्टेशन प्रभारी देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि आग से करीब दस लाख का नुकसान होने का अनुमान है।