भगवानपुर क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर संदिग्ध परिस्थिति में आग लगने से हजारों रुपये का सामान जल गया। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
भगवानपुर औद्योगिक क्षेत्र के रायपुर स्थित एक फैक्टरी में रविवार सुबह लगभग चार बजे कंपनी के आरवीएम एयर ब्लोअर में संदिग्ध परिस्थिति में आग लग गई। आग लगने पर कंपनी के अधिकारियों कर्मचारियों मे हड़कंप मच गया। वहीं कंपनी के अधिकारियों ने आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड के अधिकारियों को दी।
इसके बाद भगवानपुर अग्निशमन के अधिकारी केशवदत्त तिवारी टीम के साथ दमकल विभाग की एक मशीन को लेकर मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। दूसरी ओर ग्राम मक्खनपुर के पास रविवार दोपहर के समय एक कबाड़ी के गोदाम में संदिग्ध परिस्थिति में आग लग गई। आग लगने से आसपास रहने वाले ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
आग लगने की सूचना राहगीरों ने कबाड़ी गोदाम स्वामी व पुलिस को दी। इसके बाद फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। भगवानपुर अग्निशमन अधिकारी केशवदत्त तिवारी का कहना है कि दोनों स्थानों पर आग लगने से लगभग पांच हजार रुपये का सामान जल गया है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।