मृतका के खाते से नौ लाख की रकम निकालने में शामिल दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों को कोर्ट की पेशी के बाद जेल भेजा गया।
सुनील कुमार निवासी बेहडेकी सैदाबाद ने 8 फरवरी 2024 को धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया था। बताया था कि माता शुगनी का स्वर्गवास छह जनवरी 2023 को हो गया था। करीब पांच माह बाद मां के खाते की एंट्री करने पर पता चला कि खाते से 8.92 लाख रुपये गायब हैं।
आरोप है कि मृतक माता के फर्जी कागजात तैयार कराकर डेबिट कार्ड जारी कराया गया और बैंक खाते से एक फोन नंबर भी लिंक किया गया जो परिवार का नहीं था। एटीएम और ऑनलाइन से मृतक माता के बैंक खाते से अज्ञात ने लाखों रुपये ट्रांसफर किए थे। थाना प्रभारी अजय सिंह ने बताया कि बैंक कर्मियों के बयान, सीडीआर और सीसीटीवी फुटेज आदि अन्य पहलुओं पर जांच की थी।
जांच में धोखाधड़ी में शामिल बैंककर्मी जतिन कुमार निवासी गली नंबर छह नवीन नगर जिला सहारनपुर हाल गोल कोठी हरीपुर कलां थाना रायवाला देहरादून और यशपाल निवासी पंजाबी कॉलोनी निकट जैन कॉलेज थाना कोतवाली सदर सहारनपुर को गिरफ्तार किया गया। तीसरे आरोपी फिरोज की तलाश जारी है। आरोपियों ने फर्जी दस्तावेजों से मृतका का डेबिट कार्ड बनवाकर उसके खाते से 8,92,427 रुपये नकद और ऑनलाइन निकाले थे। पुलिस टीम में उप निरीक्षक नितिन बिष्ट, रामबीर और मुकेश तोमर शामिल रहे।