कांवड़ यात्रा के दौरान लक्सर - हरिद्वार हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से ई-रिक्शा में सवार तीन युवक घायल हो गए थे। इनमें से एक युवक को गंभीर अवस्था में हायर सेंटर रेफर किया गया था। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक के पिता ने लक्सर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद के बुढ़ाना निवासी सोमपाल ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनका बेटा अंकित कुमार अपने दो साथियों सुमित निवासी नानौता व आकाश निवासी छछरौली जनपद सहारनपुर उत्तर प्रदेश के साथ 16 अगस्त की रात को करीब 11 बजे ई - रिक्शा से लक्सर - हरिद्वार मार्ग पर हरिद्वार जा रहे थे। भोगपुर से पहले किसी अज्ञात वाहन ने उनकी ई - रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में घायल हुए तीनों युवकाें को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया था। वहां अंकित को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया था। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस वाहन चालक की पहचान का प्रयास कर रही है। संवाद