गढ़ी संघीपुर गांव में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष के मामले में पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ जानलेवा हमला करने सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। 24 नवंबर की सुबह दीवार निर्माण के दौरान पेड़ काटने को लेकर हुए विवाद में दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए थे। मारपीट, पथराव के साथ मौके पर फायरिंग भी हुई थी। इसमें दोनों पक्षों के पांच लोग घायल हो गए थे।
घटना में एक पक्ष के इस्लाम ने आरोपी इरफान, फरमान, सहरान, शहजाद, मेहरबान, इरशाद, अरमान, अकरम, रिजवान और मन्नान निवासी गढ़ी संघीपुर के खिलाफ जानलेवा हमले के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मामले में अब दूसरे पक्ष के शहजाद निवासी गढ़ी संघीपुर ने तहरीर में बताया कि घटना वाले दिन आरोपी सुलेमान और शाहनवाज ने उनकी नींव पर कब्जा करने का प्रयास किया।
उन्हाेंने विरोध करते हुए पुलिस को सूचना दी। उस समय वह वहां से चले गए। आरोप है कि 10ः30 बजे आरोपी सुलेमान, तुफैल, वाजिद, शहजाद, शाहनवाज, इकराम, इरफान और मुजम्मिल लाठी-डंडे, धारदार हथियार और असलाह से लैस होकर आए व उनपर हमला कर दिया। मौके पर फायरिंग भी की गई। इसमें उनके भाई मेहरबान और ताऊ इरशाद घायल हो गए। हमलावरों ने उनके घर में खड़ी बाइक, कार और यहां लगे सीसीटीवी भी क्षतिग्रस्त कर दिए। कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि तहरीर पर नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। क्राॅस रिपोर्ट दर्ज कर घटना की विवेचना की जा रही है।