महमूदपुर गांव में हुए विवाद के मामले में पुलिस ने दूसरे पक्ष की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि आरोपियों ने घर में घुसकर एक परिवार के सदस्यों के साथ लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से मारपीट की।
महमूदपुर निवासी मुबारिक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 21 नवंबर को उनके घर पर राजमिस्त्री गेट लगाने का काम कर रहा था। उनका बेटा आस मोहम्मद भी काम में हाथ बंटा रहा था। इसी दौरान गांव के समीर ने ईंट फेंककर मारी जो आस मोहम्मद की कमर में लगी।
इस बात पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि समीर धमकी देकर वहां से चला गया। करीब दस मिनट बाद समीर अपने पिता सलीम और अन्य लोगों के साथ लाठी-डंडे व लोहे की रॉड लेकर उनके घर पहुंच गया। आरोपियों ने घर में घुसकर गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
हमले में मुबारिक, उनकी बेटियां मुस्कान और मंतशा व बेटा आस मोहम्मद घायल हो गए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर परिवार को बचाया। आरोप है कि हमलावर जाते समय पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देकर गए।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र खोलिया ने बताया कि मुबारिक की तहरीर पर समीर, शमीम, गुलजार और उसमान के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।