सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों के गंभीर रूप से घायल होने के मामले में पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
बृहस्पतिवार को झबरेड़ा निवासी सुरेंद्र कुमार सैनी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनका 31 वर्षीय पुत्र आकाश अपने 30 वर्षीय दोस्त सिद्धार्थ निवासी सरढेड़ी, शाहजहांपुर, थाना भगवानपुर के साथ बाइक से हरिद्वार से गंगाजल भरकर पुरा महादेव जा रहा था।
जैसे ही वे गुरुकुल नारसन के पास पहुंचे तभी पीछे से आ रही कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से रुड़की सिविल अस्पताल में भर्ती कराया।
वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया था। मंगलौर कोतवाली पुलिस ने पीड़ित पिता की तहरीर पर कार नंबर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।