कलियर थाना क्षेत्र के हद्दीपुर के पास ट्रैक्टर–ट्रॉली की चपेट में आने से दो ग्रामीणों की मौत के मामले में मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
29 नवंबर को इब्राहिमपुर निवासी संजय उर्फ मटरू राठौर और चंद्रपाल बाइक से हद्दीपुर अड्डे की ओर जा रहे थे। जैसे ही दोनों हद्दीपुर–इब्राहिमपुर मार्ग पर पहुंचे खनन सामग्री से भरी तेज रफ्तार ट्रैक्टर–ट्रॉली ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया।
गुस्साए ग्रामीणों ने दोनों के शवों को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई व मुआवजे की मांग की। काफी देर तक चले प्रदर्शन के बाद प्रशासन की ओर से मुआवजे का आश्वासन दिए जाने पर धरना समाप्त कराया गया। मृतक संजय के भाई रामेश्वर राठौर ने पुलिस को तहरीर देकर अज्ञात ट्रैक्टर–ट्रॉली चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कलियर थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।