पुरानी रंजिश में युवकों के दो गुट आमने-सामने आ गए। युवकों में मारपीट हो गई। एक पक्ष का आरोप है कि दूसरे गुट ने तमंचे से फायरिंग कर दी।
फायरिंग से आसपास के लोगों में भगदड़ मच गई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही युवक मौके से फरार हो गए। पुलिस युवकों को चिह्नित कर कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
मंगलौर कोतवाली क्षेत्र स्थित गांव अकबरपुर और पीरपुर के युवकों के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही है। बताया जा रहा है कि रविवार सुबह अकबरपुर निवासी एक युवक बाइक लेकर लंढौरा बस स्टैंड पर खड़ा था। इस बीच पीरपुर गांव के चार से पांच युवक कार से उसके पास पहुंचे और गाली-गलौज कर दी। विरोध करने पर युवकों ने डंडों से हमला कर दिया जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि कार सवार युवकों ने युवक पर तमंचे से फायर झोंक दिया। युवक ने किसी तरह भागकर जान बचाई। इस दौरान फायरिंग की घटना से आसपास के लोगों में भगदड़ मच गई। घटना की सूचना लोगों ने लंढौरा पुलिस चौकी पर दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी नवीन चौहान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची लेकिन तब तक दोनों गुटों के युवक मौके से फरार हो चुके थे। मंगलौर कोतवाली प्रभारी शांति कुमार गंगवार ने बताया कि युवकों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी।