रुड़की। सेवानिवृत्त रोडवेज कर्मी की विदाई पार्टी के बाद उसे घर छोड़ने के लिए रोडवेजकर्मी सरकारी बस से ही निकल पड़े। लौटते समय बस के चालक ने एक खड़े ट्रक में टक्कर मार दी, जिसमें 15 कर्मचारी चोटिल हो गए। हादसे के बाद मामले की जानकारी अधिकारियों को मिलने पर इसकी जांच बैठा दी गई है।
जानकारी के अनुसार 31 जनवरी को रोडवेजकर्मी यशपाल सिंह सेवानिवृत्त हुए थे। इस उपलक्ष्य में डिपो में ही पार्टी आयोजित की गई। सूत्रों के अनुसार इस दौरान शराब का भी सेवन किया गया। इसके बाद उत्साह में रोडवेज कर्मियों ने सेवानिवृत्त कर्मी को घर तक छोड़ने का निर्णय लिया और इसके लिए रोडवेज की बस लेकर सभी रामपुर मुजफ्फरनगर की ओर रवाना हो गए। सेवानिवृत्त कर्मी के घर पहुंचकर भी पार्टी का दौर चला। इसके बाद वापस लौटते समय सिसौना के पास चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और बस खड़े ट्रक से टकरा गई। दुर्घटना में 15 रोडवेज कर्मी चोटिल हो गए। साथ ही बस भी क्षतिग्रस्त हो गई। पहले तो पूरे मामले पर पर्दा डालने की कोशिश की गई, लेकिन बाद में हादसे में रोडवेजकर्मियों के चोटिल होने की सूचना विभागीय अधिकारियों को दी गई। रोडवेज के एआरएम जेके शर्मा का कहना है कि बस दुर्घटना की जानकारी होने पर मामले में संबंधित कर्मचारियों से रिपोर्ट तलब की गई है। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।