उत्तराखंड किसान मोर्चा ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ नाराजगी जाहिर की है। बृहस्पतिवार दोपहर प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान मंगलौर बिजलीघर पहुंचे। उन्होंने अपनी छह सूत्री मांगों के लिए प्रदर्शन किया।
बिजलीघर परिसर में इकट्ठा हुए किसानों ने सरकार और विभागीय अधिकारियों के प्रति आक्रोश व्यक्त किया। धरने में शामिल किसानों ने जमकर नारेबाजी की और समस्याओं के समाधान की मांग दोहराई। किसानों का आरोप है कि उनकी समस्याओं को बार-बार अवगत कराने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।
किसानों ने ग्रामीण क्षेत्रों में अघोषित बिजली कटौती पर रोक लगाने, बिजली बिलों में सुधार और बकाया भुगतान में राहत देने, खराब पड़े ट्रांसफार्मरों को समय पर सही एवं बदलने के अलावा जर्जर तारों को ठीक करना, खेती के लिए 24 घंटे बिजली आपूर्ति देना आदि मांगों का एक ज्ञापन एसडीओ अनुभव सैनी को सौंपा। इस दौरान आकिल हसन, नरेश लोहान, धर्मेंद्र चौधरी, धर्मवीर सिंह, चंद्र वीर सिंह, सतवीर सिंह, सुरेन्द्र नंबरदार, अकील अहमद उर्फ भुट्टो आदि मौजूद रहे।