मौसम विभाग की ओर से भारी बारिश का अलर्ट जारी किए जाने के बाद उत्तराखंड किसान मोर्चा ने आज 15 अक्तूबर को प्रस्तावित महापंचायत स्थगित कर दी है। मोर्चा की ओर से महापंचायत की नई तारीख जल्द घोषित की जाएगी। महापंचायत स्थगित होने के बावजूद रुड़की तहसील में चल रहा धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। मोर्चा पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किसानों की मांगें पूरी होने तक आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा।
उत्तराखंड किसान मोर्चा की ओर से 19 अगस्त से रुड़की तहसील परिसर में धरना दिया जा रहा है। किसान बकाया गन्ना भुगतान कराने, स्मार्ट मीटर का विरोध करने, चकबंदी और तहसील से जुड़े कार्यों की प्रक्रिया सरल बनाने समेत छह सूत्री मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। इन मांगों के समर्थन में मोर्चा की ओर से 15 अक्तूबर को महापंचायत आयोजित करने की तैयारी की जा रही थी।
मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी गुलशन रोड़ ने बताया कि मौसम विभाग से संपर्क करने पर बृहस्पतिवार को भारी बारिश होने का पूर्वानुमान सामने आया है। मौसम संबंधी अलर्ट को देखते हुए किसानों की सुरक्षा के मद्देनजर महापंचायत को फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि महापंचायत की नई तारीख जल्द घोषित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि तहसील परिसर में धरना पहले की तरह जारी रहेगा और मोर्चा के पदाधिकारी व किसान अपनी मांगों को लेकर डटे रहेंगे। इसके साथ ही गांव-गांव जाकर किसानों से संपर्क किया जा रहा है। किसानों से आगामी महापंचायत में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने और उसे सफल बनाने की अपील की जा रही है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने दोहराया कि मांगें पूरी होने तक किसान पीछे नहीं हटेंगे और उनका आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान चौधरी महाकाल सिंह, मोहम्मद आजम, मोहम्मद नाजिम, इलियास, मुनव्वर हसन, नेपाल सिंह, राजेंद्र सिंह, मोहम्मद रफी, संदीप रोड़, राजपाल सिंह, राजकुमार, राजीव कुमार, अक्षय चौधरी आदि मौजूद रहे।