नगर के एक मोहल्ले में शनिवार देर रात चार से पांच अज्ञात युवक घर में जबरन घुस आए और जमकर उत्पात मचाया। आरोपियों ने घर में तोड़फोड़ करने के साथ ही परिवार के सदस्यों पर लाठी-डंडों से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि इस दौरान घर में मौजूद एक युवती के साथ आरोपियों ने अश्लील हरकतें भी कीं। घटना के दौरान परिवार के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे। इसके बाद आरोपी परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके। पुलिस का कहना है कि पीड़ित परिवार की तहरीर मिली है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।